सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से विद्यालय में हुए विकास कार्यों का किया जिक्र, भविष्य में समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

लालकुआं। राजकीय कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय, लालकुआं में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट के प्रतिनिधि एवं मुख्य अतिथि लक्ष्मण खाती ने फीता काटकर किया। उन्होंने छात्राओं की ओर से तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों और परियोजनाओं का अवलोकन किया तथा उनकी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार की सराहना की।
इस अवसर पर लक्ष्मण खाती ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। छात्राओं की ओर से प्रस्तुत मॉडल उनकी मेहनत, कल्पनाशीलता और सीखने के प्रति उत्साह को दर्शाते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से पूर्व में भी विद्यालय में हाईटेक शौचालय, भोजन गृह सहित विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं। शिक्षा के बेहतर वातावरण और विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
लक्ष्मण खाती ने विद्यालय परिवार को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी विद्यालय की समस्याओं को सांसद के संज्ञान में लाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विज्ञान प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजकुमार सेतिया, समाजसेवी वीरेंद्र कोरंगा, विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा बिष्ट, राजेंद्र पडियार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे।
