लालकुआं। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया से जोड़ने के लिए लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने के साथ मौके पर ही स्व-गणना भी कराई गई।
जनगणना निदेशालय उत्तराखंड और उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में तहसीलदार लालकुआं भूपाल सिंह मटियानी, स्व-गणना प्रशिक्षक एवं खाद्य पूर्ति अधिकारी मोहित सिंह कठायत तथा जनगणना लिपिक कमलेश कुमार ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों की आवश्यक जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
प्रशिक्षकों ने स्व-गणना के विभिन्न चरणों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन विवरण भरने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही प्रतिभागियों से अपने परिवार के सभी सदस्यों की सही और आवश्यक जानकारी दर्ज करने की अपील की।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही प्रभावी योजनाओं का निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में बेहतर प्रयास किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के जनगणना नोडल अधिकारी डॉ. हेम चन्द्र पाण्डे ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से जनगणना-2027 की स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं बीएड संकाय के छात्र-छात्राओं सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।
लालकुआं: जनगणना-2027 की स्व-गणना को लेकर महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिया प्रशिक्षण
