बिंदुखत्ता की दशकों पुरानी आस पूरी होने की ओर, राजस्व गांव बनाने पर धामी कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति

खबर शेयर करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता आगमन के दौरान क्षेत्रवासियों से किया वादा निभाने की दिशा में बढ़ाया ठोस कदम, दीपेंद्र कोश्यारी ने जताया आभार।

लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग अब आगे बढ़ती नजर आ रही है। उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में बिंदुखत्ता स्थित वन भूमि को डिनोटिफाई करने की कार्रवाई के लिए सैद्धांतिक सहमति दिए जाने के बाद क्षेत्र में उम्मीदें मजबूत हुई हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
दीपेंद्र कोश्यारी ने बताया कि शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के तीन क्षेत्रों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके तहत देहरादून जिले के बापूग्राम, नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता और ऊधमसिंह नगर जिले के बग्गा चौवन स्थित वन भूमि के गांवों को डिनोटिफाई करने की कार्रवाई के लिए मंत्रिमंडल ने सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वन विभाग को प्रस्तावक विभाग बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है।
कोश्यारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता आगमन के दौरान क्षेत्रवासियों से जो वादा किया था, उस दिशा में अब ठोस पहल की गई है। यह निर्णय बिंदुखत्ता के हजारों परिवारों के भविष्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्र को राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।