हल्दूचौड़-दौलिया, 05 अगस्त।
ग्राम पंचायत हल्दूचौड़-दौलिया में ग्राम प्रधान श्रीमती राधा कैलाश भट्ट के प्रयासों से तथा माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष जोशी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पशुपालन विभाग, उत्तराखण्ड, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, नैनीताल एवं प्रभु नेत्रालय, रुद्रपुर के सहयोग से आयोजित बहुउद्देशीय जनहित शिविर में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एक ही स्थान पर राशन कार्ड समाधान, पशु चिकित्सा एवं परामर्श तथा निःशुल्क नेत्र जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध होने से ग्रामीणों ने शिविर की सराहना की।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे शहीद जगदीश जोशी सभागार, दौलिया में हुआ। दिनभर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने परिवारों एवं पशुओं के साथ शिविर में पहुँचे और विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की ओर से सप्लाई इंस्पेक्टर मोहित कठायत, अजय एवं सुनीता भट्ट सहित विभागीय टीम पूरे समय मौजूद रही। शिविर में 40 से अधिक लाभार्थियों की राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। इस दौरान नए राशन कार्ड हेतु आवेदन, राशन कार्ड का नवीनीकरण, ई-केवाईसी, राशन कार्ड में यूनिट जोड़ने एवं हटाने, आधार लिंकिंग तथा अन्य तकनीकी त्रुटियों का निराकरण किया गया। विभागीय अधिकारियों ने लाभार्थियों को सरकार की खाद्य सुरक्षा योजनाओं की जानकारी भी दी।
वहीं पशुपालन विभाग की ओर से पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनीता तोलिया, गोविंद बल्लभ सती, फार्मासिस्ट सरिता तारागी शाह सहित विभागीय टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में 150 से अधिक पशुपालकों ने अपने पशुओं की स्वास्थ्य जांच कराई। पशुओं को विभिन्न बीमारियों के उपचार हेतु आवश्यक दवाइयाँ शासकीय निर्धारित पंजीकरण शुल्क ₹10 प्रति पशु पर उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही कुत्तों एवं बिल्लियों के एंटी-रेबीज टीकाकरण तथा पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
प्रभु नेत्रालय, रुद्रपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी आँखों की जांच कराई। जांच के दौरान 10 से अधिक लाभार्थियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयन किया गया। चयनित मरीजों के आने-जाने की व्यवस्था, आवश्यक समन्वय एवं सहयोग माधवी फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा, जबकि ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कराया जाएगा।
इस अवसर पर माधवी फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष पियूष जोशी ने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनहितकारी सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े ऐसे बहुउद्देशीय शिविर निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
ग्राम प्रधान श्रीमती राधा कैलाश भट्ट ने कहा कि ग्राम पंचायत का प्रयास है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। विभिन्न विभागों को एक मंच पर लाकर लोगों को उनके गाँव के निकट ही सुविधाएँ उपलब्ध कराना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य रहा। उन्होंने सभी विभागों, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
उप प्रधान सुधांशु भट्ट ने कहा कि ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि ऐसे जनहित शिविरों की क्षेत्र में आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्राम पंचायत जनसुविधाओं को लोगों तक पहुँचाने के लिए इसी प्रकार के प्रयास करती रहेगी।
इस दौरान कमल भट्ट, गोपाल जोशी, कैप्टन गिरीश जोशी सहित ग्राम पंचायत के अनेक गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुँच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं।
