स्वाला के पास पहाड़ी से गिरे भारी पत्थर की चपेट में आई थी बाइक, हादसे में पत्नी भी हुई थीं घायल; पत्रकार जगत और शुभचिंतकों ने ली राहत की सांस
लालकुआं। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल वरिष्ठ पत्रकार अजय उप्रेती के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में उपचार के बाद वह हल्दूचौड़ के गोपीपुरम स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर से पत्रकार जगत और परिचितों ने राहत की सांस ली है। वहीं, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ शुभचिंतकों के उनके आवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 12 अक्टूबर को अजय उप्रेती अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से पैतृक गांव चंपावत से लौट रहे थे। इसी दौरान चल्थी क्षेत्र में स्वाला के समीप पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर सड़क पर गिर गया, जिसकी चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में अजय उप्रेती गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चल्थी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से टनकपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद अजय उप्रेती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
फिलहाल अजय उप्रेती हल्दूचौड़ स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद से पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों द्वारा उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली जा रही है। सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने और जल्द सामान्य जीवन में लौटने की कामना की है।
