लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम बनाने का भी ऐलान, लोकगायकों और कलाकारों को किया सम्मानित

लालकुआं। बिन्दुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव का समापन सोमवार को लोकसंस्कृति के संरक्षण और क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाओं के साथ हुआ। जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति, बिन्दुखत्ता की ओर से आयोजित महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाले बड़े सांस्कृतिक हॉल के निर्माण की घोषणा की। साथ ही महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित प्रस्तावित दो-तीन अन्य कार्य कराने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आयोजनकर्ता जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति और क्षेत्रवासियों को तीन दिवसीय महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकथात जैसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती थी। ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से उन्होंने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की पुकार सुनाई देती है। उनके गीतों में पहाड़ की नारी का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना समाहित थी।
उन्होंने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहती है। प्रहलाद दा ने अपने लोकगीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना करते हुए कहा कि वे उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ लोकसंस्कृति को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
बिन्दुखत्ता में बनेगा एक हजार लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक हॉल
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला बड़ा सांस्कृतिक हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े सांस्कृतिक आयोजन होते हैं और इस हॉल के निर्माण से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन अन्य कार्यों की मांग रखी गई है, उन्हें भी कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक का अर्थ जनता और थात का अर्थ विरासत एवं धरोहर है। महोत्सव का उद्देश्य लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित कर उन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी आगे पहुंचाना है। जो समाज अपनी विरासत को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत रहती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की असली पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता में नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही है। एक ओर सड़कों, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
लालकुआं विधानसभा में विकास कार्यों का उल्लेख, राजस्व ग्राम पर भी दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता में करीब 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। वहीं जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा संचालित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षा है। राज्य सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद स्थापित किया गया है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा की और ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं बनाना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान में विश्वास रखती है।
महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। तीन दिवसीय महोत्सव में लोकगीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक कलाओं के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, मनोहर मेहरा, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा, नवीन कार्की सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
