एडवोकेट सुनीति भट्ट ने महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
हल्द्वानी। आज हल्द्वानी के घूनी नंबर-2, कठघरिया में द ढाल सोसाइटी (एन असिस्टेंस फॉर लाइफ) द्वारा “सशक्त नारी, आत्मनिर्भर नारी” की भावना के साथ 17 दिवसीय निःशुल्क व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस प्रशिक्षण के माध्यम से क्षेत्र की माताओं-बहनों को सिलाई का व्यावसायिक हुनर प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भरता एवं आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली महिलाओं को एड. सुनीति भट्ट जी द्वारा सम्मानित करने के पश्चात प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर एडवोकेट सुनीति भट्ट जी ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “महिलाओं के हाथ में हुनर हो तो वे अपने परिवार के साथ-साथ समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर महिला अपने हुनर को पहचानकर आत्मनिर्भर बने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े।”
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई मशीन के संचालन के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के वस्त्रों की सिलाई, कटिंग, नाप एवं डिजाइनिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही महिलाओं को सिलाई के माध्यम से रोजगार प्राप्त करने तथा घर बैठे आय अर्जित करने के विभिन्न तरीकों की जानकारी भी दी गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना है, ताकि वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी महिलाएं उपस्थित रहीं
