नैनीताल: 3.89 लाख बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाने का लक्ष्य, आठों ब्लॉकों में इमरजेंसी टीमें गठित

खबर शेयर करें

जनपद नैनीताल में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन

25 नवंबर को होगा मॉप-अप दिवस, छूटे हुए बच्चों को भी खिलाई जाएगी दवा

नैनीताल, 18 नवंबर 2026। जनपद नैनीताल में आज दिनांक 18 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद में 1 से 19 वर्ष तक के कुल 3,89,860 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाव हेतु एल्बेंडाजोल (Albendazole) की गोली खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह अभियान जनपद के समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में संचालित किया जा रहा है। जनपद में अभियान के प्रभावी संचालन हेतु कुल 2,090 विद्यालयों एवं 1,530 आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है।

अभियान के सफल एवं सुरक्षित क्रियान्वयन के लिए जनपद के सभी 8 विकासखंडों में इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है, ताकि किसी भी बच्चे में दवा सेवन के पश्चात प्रतिकूल प्रभाव अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: अभी-अभी गहरी खाई में गिरी स्विफ्ट कार , चालक सहित छह लोग घायल

इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर गठित मॉनिटरिंग टीमों द्वारा नैनीताल के विभिन्न विकासखंडों में अभियान का स्थलीय निरीक्षण एवं अनुश्रवण किया गया। टीमों ने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में दवा वितरण एवं सेवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

25 नवंबर को होगा मॉप-अप दिवस

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर किसी कारणवश जो बच्चे एल्बेंडाजोल की गोली खाने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें आगामी 25 नवंबर 2026 को आयोजित मॉप-अप दिवस (Mop-up Day) पर दवा खिलाई जाएगी। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उन्हें निर्धारित तिथि पर दवा का सेवन सुनिश्चित कराएं, ताकि जनपद के शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।

यह भी पढ़ें 👉  गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धा का महासंगम, श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी से आशीर्वाद लेने उमड़े हजारों भक्त

सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर भी मिलेगी निःशुल्क एल्बेंडाजोल की दवा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जो बच्चे विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के अतिरिक्त अन्य माध्यम से एल्बेंडाजोल की गोली प्राप्त करना चाहते हैं, वे जनपद के किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से यह दवा निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवा दिला सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति अभियान के लाभ से वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें 👉  केदारनाथ उपचुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत ने बाबा केदार का आशीर्वाद लेकर शुरू किया चुनाव प्रचार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखना उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक तथा मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। पेट में कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, भूख में कमी एवं शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। एल्बेंडाजोल की निर्धारित खुराक कृमि संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के अंतर्गत दवा का सेवन अवश्य कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित विभागों का सहयोग करते हुए इस जनस्वास्थ्य अभियान को सफल बनाएं।
……………………………………………………..
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जनपद नैनीताल