अल्मोड़ा ,1 मई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा जनपद के डोल स्थित आश्रम में आयोजित श्री पीठम स्थापना महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने 1100 कन्याओं का पूजन कर माँ राजेश्वरी का अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने डोल आश्रम पहुंचकर आश्रम परिसर में स्थापित श्रीयंत्र एवं यहां संचालित आध्यात्मिक गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि यहां स्थापित दुनिया के सबसे बड़े श्रीयंत्र के दर्शन से विशेष आध्यात्मिक अनुभूति होती है।
उन्होंने कहा कि बाबा कल्याणदास की साधना और तपस्या के कारण डोल आश्रम आज विश्व स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है तथा आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का प्रमुख केंद्र बन गया है। मुख्यमंत्री ने वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में हर वर्ष बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या प्रदेश में विकसित हो रही बेहतर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का परिणाम है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
