हल्द्वानी मीडिया-11 की नई जर्सी लॉन्च, खिलाड़ियों में दिखा उत्साह

खबर शेयर करें

डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में नई जर्सी का अनावरण, आगामी क्रिकेट सीजन को लेकर खिलाड़ियों में दिखा उत्साह।

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित होटल सफायर इन में शुक्रवार को हल्द्वानी मीडिया क्रिकेट टीम (मीडिया-11) की नई जर्सी का अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संयुक्त रूप से नई जर्सी का अनावरण किया। इस अवसर पर एबीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वाइस प्रिंसिपल एवं टाइटल स्पॉन्सर मंजू बिष्ट और वेन्यू पार्टनर विजय जोशी भी मौजूद रहे।
नई जर्सी के अनावरण के साथ ही खिलाड़ियों में आगामी क्रिकेट सीजन को लेकर उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और सकारात्मक सोच भी मजबूत होती है। मीडिया जगत से जुड़े लोगों की खेल गतिविधियों में भागीदारी समाज में स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देती है।
हल्द्वानी मीडिया-11 अब तक कई बड़े क्रिकेट मुकाबलों में जीत दर्ज कर अपनी पहचान बना चुकी है। टीम के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन किया है। नई जर्सी के साथ आगामी मुकाबलों में भी बेहतर प्रदर्शन और जीत का सिलसिला जारी रखने को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में मीडिया जगत से जुड़े प्रतिनिधि, टीम के खिलाड़ी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।