Lalkuan News: अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी वांछित

खबर शेयर करें


हल्दूचौड़ पुलिस की चेकिंग के दौरान कार्रवाई, लालकुआं कोतवाली में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

लालकुआं, 29 अक्टूबर। नैनीताल जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दूचौड़ पुलिस ने एक आरोपी को 53 पव्वे देशी और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी वांछित है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंश सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को चेकिंग और गश्त के दौरान हल्दूचौड़ पुलिस ने वीरेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र देव सिंह बिष्ट, निवासी पैठाणी, थाना थराली, चमोली, हाल निवासी हल्द्वानी को 53 पव्वे देशी और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध लालकुआं कोतवाली में एफआईआर संख्या 171/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में पंकज चौहान निवासी धनपुरी, पंचायतघर के पास, हल्द्वानी वांछित है।
पुलिस टीम में हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल कुबेर सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे।