Harela 2026: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भाजपा बिंदुखत्ता मंडल का वृक्षारोपण और पौध वितरण अभियान

खबर शेयर करें

हरेला पर्व पर पौधरोपण और पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने व उनके संरक्षण का लिया संकल्प।

लालकुआं। हरेला पर्व के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बिंदुखत्ता मंडल की ओर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष नवीन सिंह पपोला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर मंडल महामंत्री पूरन बोरा, मंत्री हरीश लाल, कोषाध्यक्ष हरेंद्र रौतेला, सोशल मीडिया प्रभारी विपिन गिरी गोस्वामी, युवा मोर्चा अध्यक्ष पंकज कोरंगा, महिला मोर्चा अध्यक्ष किरण खड़ायत, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष शंभूनाथ गोस्वामी, किसान मोर्चा अध्यक्ष कैलाश जोशी, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष नंदकिशोर, युवा मोर्चा महामंत्री योगेश कुमार, महिला मोर्चा महामंत्री कविता दानू, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष दीपा भट्ट, विमला देवी, शक्ति केंद्र संयोजक मोहन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता लक्ष्मण जग्गी और गुलाब सिंह कार्की सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।