Lalkuan News: हल्दूचौड़ में अतिक्रमण पर पुलिस की कार्रवाई, 17 चालान; सख्त हिदायत

खबर शेयर करें


हाईवे किनारे फड़-ठेली हटाई, दुकानदारों को दी हिदायत; सत्यापन अभियान भी चलाया

लालकुआं। सड़क और हाईवे किनारे अतिक्रमण कर यातायात में बाधा पैदा करने वालों के खिलाफ लालकुआं पुलिस ने कार्रवाई की। चौकी हल्दूचौड़ पुलिस ने सड़क किनारे लगी फड़-ठेलियों को हटवाते हुए लोगों के सत्यापन की कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से फड़-ठेली लगाने वालों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने सड़क किनारे अवैध रूप से फड़-ठेली लगाने वाले संचालकों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत 250-250 रुपये के कुल 17 चालान किए। इन चालानों के माध्यम से 4,250 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों की ओर से सड़क किनारे लगाए गए दुकान संबंधी बोर्ड भी हटवाए। साथ ही लोगों को हिदायत दी गई कि वे सड़क पर फड़-ठेली, दुकान या प्रचार संबंधी बोर्ड लगाकर अतिक्रमण न करें, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।