बिंदुखत्ता की प्रमुख सड़कों के मरम्मत, पुनर्निर्माण और डामरीकरण की मांग, PWD सचिव ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा।
लालकुआं (जीवन गोस्वामी)। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बिंदुखत्ता की लंबे समय से बदहाल सड़कों का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे से मुलाकात कर क्षेत्र की सड़क समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों पर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग की।
दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने सचिव के समक्ष बिंदुखत्ता क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की स्थिति को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, पुनर्निर्माण और डामरीकरण के कार्य जल्द शुरू कराने का आग्रह किया।
ज्ञापन में बिंदुखत्ता स्थित अंडरपास से शिव मंदिर एवं सुभाष नगर तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत, शहीद स्मारक से गोला गेट तक सड़क के पुनर्निर्माण एवं डामरीकरण, शहीद स्मारक से हिरन बाबा मंदिर तक आवश्यक पैचिंग कार्य तथा कार रोड से बाई कालिका मंदिर होते हुए शांतिपुरी जाने वाले लिंक मार्ग के सुधार की मांग की गई।
इस दौरान दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि बिंदुखत्ता क्षेत्र की सड़कें स्थानीय जनता के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लंबे समय से सड़क सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में इन कार्यों को जल्द स्वीकृति और गति मिलना क्षेत्रवासियों के हित में होगा।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडे ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द ही सड़क सुधार से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारेगा।
दीपेंद्र सिंह कोश्यारी ने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को संबंधित विभागों के सामने मजबूती से उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बिंदुखत्ता की सड़कों को लेकर हुई यह मुलाकात ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब स्थानीय स्तर पर सड़क सुधार की मांग लगातार उठती रही है। अब विभागीय स्तर पर सकारात्मक पहल होने से क्षेत्रवासियों को सड़क सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।
