मनोकामना पूर्ण होने पर माँ अवंतिका शक्ति पीठ को भेंट किए सीसीटीवी कैमरे

खबर शेयर करें

जोशी कंप्यूटर क्लासेस लालकुआं की पहल से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, श्रद्धालुओं ने की सराहना

लालकुआं। माँ अवंतिका शक्ति कुंज परिसर में चंदन जोशी की विशेष मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जोशी कंप्यूटर क्लासेस लालकुआं की ओर से मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु सीसीटीवी कैमरे भेंट किए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक एवं श्रद्धामय वातावरण बना रहा।
इस पुनीत कार्य के प्रेरणा स्रोत मंदिर के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय पूरन सिंह रजवार जी रहे, जिनका योगदान और स्मरण आज भी लोगों को प्रेरित करता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक और धार्मिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, मुख्य पुजारी चंद्रशेखर जोशी, जोशी कंप्यूटर क्लासेस के स्वामी चंदन जोशी, रौनक कनवाल तथा रौनक बिष्ट सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की इस पहल की सराहना की।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती ने बताया कि माँ अवंतिका शक्ति पीठ में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। मंदिर के रखरखाव और सौंदर्यकरण के लिए दानदाता लगातार सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सांसद अजय भट्ट और विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट से मंदिर के सौंदर्यकरण को लेकर वार्ता की जाएगी। श्री खाती ने कहा कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।