ग्रामीणों की मांग पर मंदिर परिसर में कैमरा लगवाया, मोतीनगर में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आश्वासन
मोटाहल्दू (लालकुआं)। मोटाहल्दू स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चोरी की घटना के बाद पुलिस ने मंदिर की सुरक्षा को लेकर पहल की है। मंदिर परिसर से एलईडी लाइटें और बिजली की तारें चोरी होने के बाद हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने अपने निजी स्तर पर मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरा लगवाया है। उनकी इस पहल पर ग्रामीणों और मंदिर कमेटी के सदस्यों ने आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात अज्ञात चोर प्राचीन शिव मंदिर परिसर से एलईडी लाइटें और बिजली की तारें चोरी कर ले गए। घटना की सूचना कोतवाली लालकुआं और हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी को दी गई। चोरी की घटना से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि प्राचीन शिव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थल पर चोरी होना चिंताजनक है। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।
ग्रामीणों के अनुरोध और मंदिर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने अपने निजी स्तर पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया। इस पहल पर पूर्व ग्राम प्रधान विपिन जोशी सहित मंदिर कमेटी के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही मंदिर में हुई चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग भी उठाई।
मोतीनगर में भी कैमरा लगाने का आश्वासन
चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी ने मोतीनगर क्षेत्र में भी चोरी की घटनाओं को देखते हुए वहां सीसीटीवी कैमरा लगवाने का आश्वासन दिया है। इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और चोरी की घटनाओं पर नजर रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान विपिन जोशी, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, प्रधान प्रतिनिधि कीर्ति पाठक, विक्की पाठक, गिरीश भट्ट, चंदन सिंह, अरविंद भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कबडाल, हेम गोस्वामी, चंद्रशेखर सुयाल, मुकेश चंद्र जोशी, अंकित बमेटा, रमेश चंद्र बमेटा और पंडित नीरज दुर्गापाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
