लालकुआं। क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बिंदुखत्ता के इन्द्रानगर द्वितीय स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। विधायक निधि से मंदिर परिसर में चारदीवारी, टाइल्स और गेट का निर्माण कराया गया है। इस अवसर पर विधायक ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विद्युतीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में बिजली से जुड़ी समस्याओं में कमी आएगी। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण कार्य भी शुरू किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि हर घर नल, हर घर जल योजना के तहत क्षेत्र में बड़े नलकूप स्थापित किए जाएंगे और प्रत्येक घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेयजल समस्या का स्थायी समाधान जल्द होने की उम्मीद है।

विधायक ने कहा कि सभी क्षेत्रों का क्रमबद्ध और समुचित विकास किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि विकास कार्यों से कोई भी क्षेत्र अछूता न रहे। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही क्षेत्रवासियों को इस संबंध में खुशखबरी मिल सकती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस मुद्दे पर किसी के बहकावे में न आने की अपील की।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता कुंदन सिंह चुफाल, प्रकाश चंद्र आर्या, रमेश कुनियाल, भवानी नाथ गोस्वामी, दौलत नाथ गोस्वामी, गोपाल नाथ, प्रदीप नौटियाल, राम प्रसाद, कल्यान नाथ, मोहन नाथ, दीवानी नाथ ,नरेश गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और मातृशक्ति मौजूद रही।
