उत्तराराखंड: कुख्यात नशा तस्कर सलमान गिरफ्तार, PIT-NDPS के तहत कार्रवाई के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा हिस्ट्रीशीटर

खबर शेयर करें

मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त कार्रवाई, गैंगस्टर समेत 11 मुकदमों में नामजद आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।

रुड़की। हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और नशा तस्कर सलमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ PIT-NDPS (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी थी। पुलिस ने सीआईयू रुड़की के सहयोग और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पीरपुरा निवासी सलमान पुत्र जहांगीर पर एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। नशे के कारोबार में सक्रिय रहने के कारण उसके खिलाफ उत्तराखंड शासन को PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी, लेकिन वह बार-बार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर चंद्र सुयाल और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक मंगलौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीआईयू रुड़की के सहयोग से आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां लगातार तलाश की गई। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सलमान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि समाज में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।