स्कूटी की डिक्की में शराब रखकर बेच रहा था युवक, पुलिस ने पीछा कर घर से दबोचा

खबर शेयर करें


लालकुआं। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदुखत्ता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी से शराब बेचने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी और घर के स्टोर रूम से रॉयल स्टैग व प्रेस्टीज ब्रांड के 65 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डा. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राना के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग तथा गश्त कर रही थी।
19 अगस्त 2026 को बिंदुखत्ता चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कमल गढ़िया अपने होटल फैमिली रेस्टोरेंट के सामने स्कूटी में शराब रखकर बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस को देखकर स्कूटी लेकर भागते हुए अपने घर में घुस गया।
पुलिस टीम ने पीछा कर आरोपी के घर पहुंचकर स्कूटी की तलाशी ली। स्कूटी से 17 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुए। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर घर के स्टोर रूम की तलाशी ली गई, जहां से 48 क्वार्टर अंग्रेजी शराब और बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 65 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद कर आरोपी कमल गढ़िया पुत्र शेर सिंह, निवासी राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, को गिरफ्तार कर लिया। शराब के साथ उसकी स्कूटी UK 06M 3175 भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 127/26, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता
कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह
कांस्टेबल दयाल नाथ