धर्म प्रवाह: भैया दूज पर सत्य साधक विजेंद्र पांडे गुरुजी का आध्यात्मिक संदेश, रिश्तों में प्रेम और संस्कारों का हो संचार

खबर शेयर करें

भैया दूज पर गुरुजी ने भक्तजनों को दी शुभकामनाएं, भाई-बहन के अटूट प्रेम, पारिवारिक सद्भाव और सेवा भाव को बताया भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर।

दतिया धाम। भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और पवित्र रिश्ते का प्रतीक भैया दूज का पर्व आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी ने समस्त भक्तजनों, श्रद्धालुओं और देशवासियों को भैया दूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की है। गुरुजी ने अपने आध्यात्मिक संदेश में पर्व के महत्व को बताते हुए प्रेम, सद्भाव, सेवा और परोपकार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मध्य प्रदेश के दतिया धाम स्थित राम जानकी मंदिर में सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी नवरात्रि के प्रथम दिन से 36 दिवसीय कठिन निराहार साधना में लीन हैं। यह साधना व्यक्तिगत सिद्धि के बजाय लोककल्याण, विश्व शांति और समस्त मानव समाज के मंगल की कामना को समर्पित है। गुरुजी निराहार रहकर पूरी श्रद्धा, तप, संयम और संकल्प के साथ मां पीतांबरा की आराधना कर रहे हैं।
भैया दूज के आध्यात्मिक महत्व पर गुरुजी का संदेश है कि भारतीय संस्कृति में पर्व केवल उत्सव मनाने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारों, सद्भाव और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का अवसर भी हैं। भैया दूज भाई-बहन के रिश्ते की पवित्रता, आपसी विश्वास, स्नेह और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। यह पर्व हमें परिवार में प्रेम बनाए रखने, बहनों का सम्मान करने और रिश्तों में निस्वार्थ भाव से समर्पण निभाने की प्रेरणा देता है।
गुरुजी ने भक्तजनों को संदेश देते हुए कहा कि मानव जीवन की सार्थकता केवल स्वयं के कल्याण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि दूसरों के सुख और कल्याण के लिए भी सकारात्मक प्रयास होने चाहिए। सेवा, सदाचार, करुणा, परोपकार और ईश्वर के प्रति सच्ची श्रद्धा ही आध्यात्मिक जीवन का आधार हैं। उन्होंने मां पीतांबरा से प्रार्थना की कि सभी परिवारों में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहे तथा समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का वातावरण मजबूत हो।
17 नवंबर को महायज्ञ, 18 नवंबर को विशाल भंडारा
जय मां पीतांबरी साधना एवं दिव्य योग ट्रस्ट के प्रवक्ता ने बताया कि सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी की 36 दिवसीय निराहार साधना के समापन अवसर पर 17 नवंबर को दतिया धाम स्थित राम जानकी मंदिर में महायज्ञ एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। इसके अगले दिन 18 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
ट्रस्ट की ओर से समस्त धर्मप्रेमियों, श्रद्धालुओं और भक्तजनों से इन धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होकर मां पीतांबरा का आशीर्वाद प्राप्त करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की गई है।
जय मां पीतांबरा।