उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर नैनीताल पुलिस की खास पहल: हिमालयन फूड फेस्टिवल और जागरूकता स्टॉल बने आकर्षण

खबर शेयर करें

नैनीताल पुलिस की अग्निशमन इकाई ने सुरक्षा उपकरणों की जानकारी देकर लोगों को किया जागरूक, सांसद अजय भट्ट, डीएम ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हिमालयन फूड फेस्टिवल में पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय संस्कृति को दिया बढ़ावा।

नैनीताल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए मैदान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। समारोह में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की गई।
राज्य स्थापना दिवस के इस आयोजन में सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और पहाड़ी खानपान को विशेष महत्व दिया गया। समारोह का प्रमुख आकर्षण हिमालयन फूड फेस्टिवल रहा, जिसमें उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ स्थानीय दलहन और विभिन्न पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और एसपी संचार आरडी मठपाल सहित अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने पहाड़ी उत्पादों की खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित किया। सभी ने पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी चखा। आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की पारंपरिक खाद्य संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को दी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं

समारोह में नैनीताल पुलिस की अग्निशमन इकाई सहित विभिन्न विभागों की ओर से भी स्टॉल लगाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। अग्निशमन इकाई के कर्मचारियों ने अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता और उनके सही इस्तेमाल की जानकारी दी। साथ ही लोगों को आग से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नैनीताल प्रतीक जैन, सीओ भवाली विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, प्रभारी अग्निशमन इकाई मल्लीताल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।