राजस्व गांव LIVE: भारी बारिश के बीच बिंदुखत्ता में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार से अधिक ग्रामीणों के पहुंचने का अनुमान

खबर शेयर करें

लालकुआं। खराब मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आंदोलन जोर पकड़ता नजर आया। वन अधिकार संगठन के बैनर तले शहीद स्मारक के समीप आयोजित धरना-प्रदर्शन में सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचने लगे। कार्यक्रम स्थल पर ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा है और बिंदुखत्ता के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार जत्थे पहुंच रहे हैं।
शहीद स्मारक के समीप लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। ग्रामीण ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, अन्य वाहनों और पैदल कार्यक्रम स्थल तक पहुंच रहे हैं। कई स्थानों से ग्रामीण नारेबाजी करते हुए आंदोलन में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। खराब मौसम के बावजूद ग्रामीणों में राजस्व गांव की मांग को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
मौके पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए अगले एक घंटे में आंदोलन में शामिल ग्रामीणों की संख्या 20 हजार से अधिक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल शहीद स्मारक के समीप ग्रामीणों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
इस आंदोलन को गैर-राजनीतिक बताया गया है। आंदोलन की कमान वन अधिकार संगठन के साथ क्षेत्र की मातृशक्ति, युवा, बुजुर्ग और पूर्व सैनिकों ने भी संभाल रखी है। बिंदुखत्ता के अलग-अलग क्षेत्रों से ग्रामीण समूहों में पहुंच रहे हैं, जिससे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में बड़ी भीड़ दिखाई दे रही है।
समाचार लिखे जाने तक शहीद स्मारक के समीप ग्रामीणों के पहुंचने का क्रम जारी था और आंदोलन स्थल पर भीड़ लगातार बढ़ रही थी।

यह भी पढ़ें 👉  मां बगलामुखी जयंती पर सत्य साधक गुरुजी ने दी शुभकामनाएं.. दिया यह संदेश