लालकुआं: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार

खबर शेयर करें


लालकुआं: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने के मामले में लालकुआं पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गोला गेट निवासी दीपक भारती ने अपनी फेसबुक आईडी से हिंदू समाज के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित की थी। पोस्ट हटाने के लिए हल्दूचौड़ निवासी एक व्यक्ति द्वारा कहे जाने के बाद आरोपी ने उसके खिलाफ भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी, जिसे बाद में हटा लिया गया।
मामले को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों की ओर से थाना लालकुआं में शिकायत एवं ज्ञापन दिए गए थे। इसके बाद पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी लालकुआं और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं के निर्देशन में पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने 27 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी और कांस्टेबल कुबेर राणा की टीम ने आरोपी दीपक भारती पुत्र प्रताप राम आर्या, निवासी हाटाग्राम गौला गेट, हल्दूचौड़, लालकुआं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ समाज में वैमनस्य फैलाने के आशय से आपत्तिजनक पोस्ट कर न्यूसेन्स उत्पन्न करने के मामले में धारा 172(2) भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।