लालकुआं। वन अधिकार संगठन द्वारा बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग को लेकर आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के जागरूक नागरिकों, संगठन के पदाधिकारियों एवं स्थानीय ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा राजस्व ग्राम एवं वन अधिकारों के मुद्दे पर आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम सूबेदार केदार सिंह बिष्ट (पुराना बिंदुखेड़ा) के आवास पर आयोजित किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वन अधिकार संगठन द्वारा अब तक राजस्व ग्राम की दिशा में किए गए प्रयास सराहनीय एवं ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में 50 हजार से अधिक मतदाता गैर-राजस्व भूमि पर निवास कर रहे हैं, लेकिन उनके स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
बैठक में सभी राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में वन भूमि पर बसे परिवारों में से किसी योग्य व्यक्ति को प्रत्याशी बनाने पर विचार करें। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि आचार संहिता लागू होने से पूर्व राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं होती है और किसी वन भूमि पर बसे व्यक्ति को उम्मीदवार नहीं बनाया जाता है तो वन अधिकार संगठन स्वयं अपना प्रत्याशी उतारने के विकल्प पर विचार कर सकता है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 19 जून 2026 को राजस्व ग्राम संबंधी दावों की स्वीकृति के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्रामवासियों के सुझाव पर न्यायालय की शरण लेने के विषय पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में अंतिम निर्णय आगामी “चाय पर चर्चा” कार्यक्रमों में प्राप्त जनमत के आधार पर लिया जाएगा।
पूर्व निर्धारित रणनीति के अनुसार मौसम अनुकूल होने पर जिला मुख्यालय का घेराव किया जाएगा तथा उसके उपरांत राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आमरण अनशन प्रारंभ करने की तैयारी की जाएगी। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बूथ स्तर पर कम से कम 10-10 लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र ही सूची तैयार की जाएगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि संगठन द्वारा चलाए जा रहे अभियान को लगातार व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है, जिससे आंदोलन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है। संगठन ने क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों से अपील की कि वे स्वप्रेरणा से “चाय पर चर्चा” जैसे जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर इस जनहितकारी अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करें।
कार्यक्रम में सुबेदार मेजर खिलाफ सिंह दानू, कैप्टन प्रताप सिंह बिष्ट, कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, सूबेदार केदार सिंह बिष्ट, सुबेदार बलवन्त सिंह बिष्ट ,अर्जुन नाथ गोस्वामी, बलवंत सिंह बिष्ट एडवोकेट , भुवन भट्ट, गोविंद बोरा, सुंदर बिष्ट, दर्शन सिंह, रमेश सुयाल, एस डी मेलकानी, तारा दत्त जोशी, दीपक नेगी, भूपेश जोशी, धन सिंह गड़िया, प्रदीप कुंवर गोबिन्द सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
