अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर कुष्ठ आश्रम में समर्पण भाव से स्वास्थ्य सेवाएं, CMO डॉ. रश्मि पंत ने रोगियों को बीपी मशीन, बेटाडिन, रुई, फल-छाछ का किया वितरण

खबर शेयर करें

राजपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम में स्वास्थ्य जरूरतों की जानकारी ली, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश

हल्द्वानी, 1 अक्टूबर 2026। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ राजपुरा, हल्द्वानी स्थित कुष्ठ आश्रम में स्वास्थ्य सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां निवास कर रहे लोगों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीपी मशीन, शुगर मशीन, विटाडीन और रुई सहित आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही फल और छाछ भी वितरित की गई। डॉ. रश्मि पंत ने आश्रम में निवास कर रहे कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से हरसंभव चिकित्सा सेवा और सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आश्रम में निवासरत लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की समय रहते पहचान और उपचार किया जा सके।
जनपद के स्वास्थ्य संस्थानों में भी हुए कार्यक्रम
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नैनीताल जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रमों में वृद्धजनों को फल भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। विशेष रूप से वृद्धजनों और जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक, संवेदनशील एवं निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, डॉ. रजत भट्ट, डॉ. रेनू सूठा, मदन मेहरा, अजय भट्ट, मनोज मर्तोलिया और देवेंद्र बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।