17 नवंबर को मां बगलामुखी महायज्ञ और 18 नवंबर को विशाल भंडारा, आयोजन की तैयारियों में जुटी उत्तराखंड की छह सदस्यीय टीम
दतिया धाम। मध्य प्रदेश के दतिया धाम स्थित राम जानकी मंदिर में सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी की 36 दिवसीय निराहार साधना निरंतर जारी है। नवरात्रि के प्रथम दिन से लोक कल्याण की कामना को लेकर विशेष साधना में लीन गुरुजी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।
रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी दतिया धाम पहुंचे। उन्होंने मां बगलामुखी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने 17 और 18 नवंबर को आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि वह इन कार्यक्रमों में पहुंचकर मां बगलामुखी महायज्ञ में सहभागिता करेंगे।
17 नवंबर को महायज्ञ, 18 को विशाल भंडारा
इधर, दतिया धाम में 17 और 18 नवंबर को होने वाले धार्मिक आयोजनों की तैयारियां तेज हो गई हैं। 17 नवंबर को मां बगलामुखी महायज्ञ तथा 18 नवंबर को विशाल भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों और पड़ोसी देशों नेपाल एवं भूटान से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बाहर से आने वाले भक्तों के ठहरने सहित अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उत्तराखंड से पहुंची छह सदस्यीय टीम, व्यवस्थाओं में संभाली जिम्मेदारी
आयोजन की तैयारियों में सहयोग के लिए उत्तराखंड से छह सदस्यीय टीम दतिया धाम पहुंच चुकी है। टीम में शास्त्री महेश चन्द्र जोशी, मनीष जोशी, उदय कोरंगा, पत्रकार सर्वेश गंगवार, पंकज रखोलिया और प्रदीप जोशी शामिल हैं। टीम के सदस्य महायज्ञ और भंडारे की व्यवस्थाओं में सहयोग करने के साथ ही आयोजन की तैयारियों में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
शास्त्री महेश चन्द्र जोशी ने बताया कि उत्तराखंड से पहुंची टीम 17 नवंबर को मां बगलामुखी महायज्ञ और 18 नवंबर को भंडारे एवं प्रसाद वितरण के आयोजन में सक्रिय सहभागिता करेगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी के सानिध्य में मुख्य कार्यक्रमों से पूर्व होने वाली साधना में भी टीम के सदस्य शामिल होंगे।
दतिया धाम में इन दिनों आध्यात्मिक वातावरण के बीच गुरुजी की साधना और आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
