राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या, एसएसपी टी. मंजूनाथ एवं फिल्म निर्माता-निर्देशक विक्की योगी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ आध्यात्मिक साहित्य का सम्मान
हल्द्वानी। शरदोत्सव मेले में शुक्रवार को पहुंचे हिंदी सिनेमा एवं टेलीविजन जगत के सुप्रसिद्ध चरित्र अभिनेता गुलशन पांडे को वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक रमाकान्त पन्त द्वारा रचित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पुस्तक ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ ससम्मान भेंट की गई। इस गरिमामयी अवसर पर राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या,फिल्म निर्माता-निर्देशक विक्की योगी नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टी. मंजूनाथ की विशेष उपस्थिति रही।
शरदोत्सव मेले में अभिनेता गुलशन पांडे के आगमन के दौरान पुस्तक भेंट का यह अवसर देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक रमाकान्त पन्त ने उन्हें अपनी चर्चित कृति ‘आदि शक्ति माँ अवंतिका’ भेंट करते हुए माँ अवंतिका की महिमा, धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक संदर्भों तथा क्षेत्र की आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराया।
पुस्तक भेंट के दौरान उपस्थित अतिथियों ने लेखक रमाकान्त पन्त के शोधपरक एवं आध्यात्मिक लेखन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी साहित्यिक कृतियाँ उत्तराखंड की प्राचीन धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इसे धार्मिक पर्यटन एवं स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
अभिनेता गुलशन पांडे ने पुस्तक प्राप्त करने के उपरांत उत्तराखंड की आध्यात्मिक समृद्धि तथा यहां की धार्मिक परंपराओं को साहित्य के माध्यम से प्रस्तुत करने के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने माँ अवंतिका से जुड़े धार्मिक एवं ऐतिहासिक विषयों को पुस्तक के माध्यम से संकलित करने के लिए लेखक रमाकान्त पन्त के प्रयासों को सराहनीय बताया।
गौरतलब है कि गुलशन पांडे हिंदी सिनेमा एवं टेलीविजन जगत में अपने प्रभावशाली चरित्र अभिनय के लिए विशेष पहचान रखते हैं। लोकप्रिय धारावाहिक ‘क्राइम पेट्रोल’ सहित ‘वांटेड’, ‘मांझी: द माउंटेन मैन’, ‘गुंजन सक्सेना’ एवं ‘हनुमान अंश’ जैसी चर्चित फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने सराहा है।
शरदोत्सव मेले में उनकी उपस्थिति के दौरान कला, सिनेमा, आध्यात्मिक साहित्य एवं उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद भी हुआ। पुस्तक भेंट का यह प्रसंग आध्यात्मिक साहित्य और कला जगत के बीच एक सुंदर सांस्कृतिक सेतु के रूप में सामने आया।
