हल्दूचौड़ में ग्रामीणों की सूचना पर रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने की कार्रवाई, पूछताछ में सही जानकारी नहीं देने और आदेशों की अवहेलना पर बीएनएसएस की धारा 172(2) के तहत किया निरुद्ध।
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान ग्रामीणों की सूचना पर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने पूछताछ के दौरान आदेशों की अवहेलना करने और सही जानकारी नहीं देने पर उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 172(2) के तहत निरुद्ध किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को हल्दूचौड़ चौकी पुलिस क्षेत्र में रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव में रात के समय एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की।
पूछताछ में व्यक्ति की पहचान वीरू पुत्र नत्थू लाल, निवासी माली नगला, थाना मूसाझाग, जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसके द्वारा पुलिस के आदेशों की अवहेलना की गई और सही जानकारी नहीं दी गई। इस पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के अंतर्गत उसे निरुद्ध कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
