Lalkuan News: पर्यटन और विकास के लिए दीपेन्द्र कोश्यारी की पहल, गौलापार हेलीपैड विस्तार की उठाई मांग

खबर शेयर करें

सीएम धामी को पत्र भेजकर हेलीपैड के आधुनिकीकरण, आधुनिक यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण और आवश्यक बजट स्वीकृति की मांग की; कहा- इससे पर्यटन, आपदा प्रबंधन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति।

लालकुआं (जीवन गोस्वामी): भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर लालकुआं विधानसभा क्षेत्र स्थित गौलापार हेलीपैड के विस्तार एवं आधुनिकीकरण की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही पर्यटन गतिविधियों, वीआईपी आवागमन और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए हेलीपैड को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जाना बेहद जरूरी हो गया है।
दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी ने अपने पत्र में कहा कि गौलापार क्षेत्र उत्तराखंड का तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोग पहुंचते हैं। ऐसे में वर्तमान हेलीपैड का विस्तार कर उसे अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाना क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि हेलीपैड परिसर में आधुनिक प्रतीक्षालय (वेटिंग लाउंज), स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, बेहतर विद्युत एवं हाईमास्ट प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जाए। साथ ही इन कार्यों के लिए आवश्यक बजट स्वीकृत कर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए जाएं।
कोश्यारी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त हेलीपैड न केवल पर्यटकों और वीआईपी आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि आपदा प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं और चिकित्सा आपात स्थिति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनहित एवं क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे। इससे गौलापार क्षेत्र को आधुनिक हवाई संपर्क सुविधाओं का लाभ मिलेगा और भविष्य में क्षेत्र के विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।