फास्ट फूड के काउंटर से दो पेटियों में मिली माल्टा मार्का देसी शराब, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
लालकुआं/बिंदुखत्ता। नैनीताल जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में फास्ट फूड की दुकान के काउंटर से दो पेटियों में रखे 59 टेट्रा पैक माल्टा मार्का देसी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग, गश्त तथा अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चला रही थी।
इसी दौरान 13 सितंबर 2026 को चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान बिंदुखत्ता क्षेत्र में स्थित भट्ट फास्ट फूड की दुकान पर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दुकान के काउंटर से दो पेटियों में 59 टेट्रा पैक माल्टा मार्का देसी शराब बरामद हुई। शराब मिलने पर पुलिस ने मौके से विजय भट्ट पुत्र जय दत्त भट्ट, निवासी चित्रकूट, तिवारी नगर प्रथम, बिंदुखत्ता, थाना लालकुआं, जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 136/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक गौरव जोशी, प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ और कांस्टेबल वीरेन्द्र रौतेला शामिल रहे।
