36 दिवसीय मां बगलामुखी साधना के बीच रविवार को दतिया धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुजी के दर्शन कर की पूजा-अर्चना, 17 नवंबर को महायज्ञ और 18 नवंबर को होगा भंडारा।

दतिया धाम। मां पीतांबरा की पावन नगरी दतिया धाम स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर में 36 दिवसीय निराहार मां बगलामुखी साधना कर रहे सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को भी बड़ी संख्या में भक्तजन दतिया धाम पहुंचे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गुरुजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौरतलब है कि गुरुजी ने प्रथम नवरात्रि यानी 11 अक्टूबर से मां बगलामुखी की 36 दिवसीय निराहार साधना प्रारंभ की थी। यह साधना 17 नवंबर को पूर्ण होगी। साधना की पूर्णाहुति के अवसर पर इसी दिन महायज्ञ आयोजित किया जाएगा, जबकि 18 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन प्रस्तावित है। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
रविवार को गुरुजी के दर्शन करने वालों में मध्य प्रदेश के पूर्व स्पेशल डीजीपी शैलेश सिंह , महेश दुबे, धर्मेंद्र शुक्ला, इंदू पांडे, रिंकू तिवारी, श्याम श्रीवास्तव, संतोष गिरी, महंत समय सहित अनेक भक्तजन शामिल रहे। सभी ने गुरुजी के सान्निध्य में पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुजी की साधना और उनके सान्निध्य में पहुंच रहे श्रद्धालुओं के बीच भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना का संदेश प्रमुखता से सामने आ रहा है। आध्यात्मिक परंपरा में साधना को आत्मसंयम, धैर्य, श्रद्धा और आत्मशुद्धि का माध्यम माना गया है। मां बगलामुखी के प्रति आस्था रखते हुए श्रद्धालु गुरुजी के दर्शन कर धर्म और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।
दतिया धाम में साधना की पूर्णाहुति और महायज्ञ को लेकर तैयारियां जारी हैं। 17 नवंबर को होने वाले महायज्ञ और 18 नवंबर के भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
