ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान, अवैध साइलेंसर और हॉर्न उतरवाकर पुलिस ने किए जब्त
हल्द्वानी। शहर में ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर हीरानगर क्षेत्र में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न लगे करीब 15 वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने वाहनों से प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए।

एसएसपी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में प्रभारी चौकी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और अत्यधिक तेज आवाज वाले हॉर्न लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों को रोककर जांच की गई।
जांच में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर करीब 15 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया। पुलिस ने वाहनों में लगे तेज ध्वनि उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न भी उतरवाकर जब्त किए।
