13 अक्टूबर से लापता था पवन पंडा, परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा; पुलिस टीम ने पंजाब के खरड़ से किया बरामद
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए युवक को नैनीताल पुलिस ने पंजाब के खरड़ से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दुम्काबंगर बच्चीधर्मा, हल्दूचौड़ निवासी पवन पंडा 13 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 20 अक्टूबर को थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने युवक के किसी युवती के संपर्क में होने और चंडीगढ़ बुलाए जाने की आशंका भी जताई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस ने तलाश शुरू की। पतारसी, सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लापता युवक को पंजाब के खरड़ से सकुशल बरामद कर लिया।
युवक की बरामदगी में उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गणेश गिरी, महिला कांस्टेबल लता जोशी और महिला कांस्टेबल रीना गंगवार शामिल रहे।
