हाथरस में आग का तांडव, घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत

खबर शेयर करें

सादाबाद के कहारान मोहल्ले में तड़के मकान में लगी आग, दमकल ने मशक्कत के बाद पाया काबू; आग लगने के कारणों की जांच जारी।

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में बुधवार देर रात एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। कहारान मोहल्ले में एक मकान में अचानक आग लगने से घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की जलकर मौत हो गई। हादसे के समय दोनों घर में अकेले थे। आग इतनी तेजी से फैली कि दंपती को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
मृतकों की पहचान शहजाद बेग (70) और उनकी पत्नी सलमा बेग (65) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे की है। मकान से आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने शहजाद के भाई कासिम बेग को इसकी सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब घर के अंदर जाकर देखा गया तो बुजुर्ग दंपती के शव बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिले।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पड़ोसी जिले मथुरा के वृंदावन से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 10 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची। टीम प्रभारी रजत कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से मकान में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही दमकल कर्मी आग पर काबू पा चुके थे।
सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण के अनुसार, आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।