36 दिवसीय बगलामुखी साधना में लीन हैं गुरुजी, गुजरात से अनंत जोशी ने साथियों संग राम जानकी मंदिर पहुंचकर किए दर्शन।
दतिया। मां पीतांबरा शक्तिपीठ के समीप स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर में सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी की 36 दिवसीय निराहार बगलामुखी साधना जारी है। 11 अक्टूबर से शुरू हुई इस विशेष साधना के दौरान गुरुजी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देश के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु लगातार दतिया धाम पहुंच रहे हैं। साधना के माध्यम से लोककल्याण और जनमंगल की भावना को प्रमुखता दी जा रही है।
इसी क्रम में आज गुजरात से अनंत जोशी अपने साथियों के साथ दतिया धाम पहुंचे। उन्होंने राम जानकी मंदिर में साधनारत गुरुजी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान गुरुजी ने सभी भक्तजनों को धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।
गुरुजी ने अपने संदेश में कहा कि पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने जीवन में सकारात्मकता, सद्भाव, सेवा और परोपकार के भाव को मजबूत करने का भी समय हैं। दीपावली का प्रकाश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आशा, विश्वास और सद्भाव का संचार करे। मनुष्य को अपने आचरण में प्रेम, करुणा और विनम्रता बनाए रखते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी आगे आना चाहिए। सच्ची साधना का उद्देश्य केवल स्वयं का कल्याण नहीं, बल्कि समस्त समाज और मानवता के मंगल की भावना रखना है।
दतिया धाम में गुरुजी की यह पांचवीं साधना है, जबकि ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर में पहली बार वे 36 दिवसीय साधना कर रहे हैं। वर्ष 1864 में स्थापित इस प्राचीन मंदिर में साधना को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। देश-विदेश से भक्त यहां पहुंचकर गुरुजी के दर्शन कर रहे हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को साधना पूर्ण होने के अवसर पर मां बगलामुखी महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। इसके अगले दिन 18 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
