मिलक खानम क्षेत्र के टहकला गांव की वारदात, दुकान पर अकेले बैठे 30 वर्षीय नवजोत सिंह पर बरसाईं गोलियां; पुलिस जांच में जुटी
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मिलक खानम थाना क्षेत्र के टहकला गांव निवासी 30 वर्षीय नवजोत सिंह अपने कार वॉशिंग सेंटर पर बैठे थे, तभी कार सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। चार गोलियां लगने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, नवजोत सिंह की कुमारिया कला में वॉशिंग हब नाम से दुकान थी। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह दुकान पर अकेले थे और सामान समेट रहे थे। इसी दौरान सिल्वर रंग की ऑल्टो कार वहां पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से मुंह पर कपड़ा बांधे दो बदमाश उतरे। इनमें से एक ने नवजोत पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें चार गोलियां मारीं और बिलासपुर की ओर फरार हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने नवजोत के पिता से भी पूछताछ की है।
एक साल पहले की थी लव मैरिज
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नवजोत सिंह ने करीब एक साल पहले 40 वर्षीय महिला से प्रेम विवाह किया था। महिला के पहले पति की लगभग तीन साल पहले मौत हो गई थी। उसके दो बेटे न्यूजीलैंड में नौकरी करते हैं। नवजोत अपने पिता के इकलौते बेटे थे, जबकि उनकी एक बहन कनाडा में नौकरी करती है। उनके पिता खेती करते हैं।
पुलिस जांच में जुटी
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
