लालकुआं, जीवन गोस्वामी। श्रम विभाग की ओर से बिंदुखत्ता क्षेत्र के श्रमिकों के लिए 9, 10 और 11 अक्टूबर को तीन दिवसीय विशेष श्रमिक शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों को श्रम विभाग से संबंधित पंजीकरण, नवीनीकरण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
शिविर के दौरान 9 से 11 अक्टूबर तक मां हाट कालिका मंदिर प्रांगण बिंदुखत्ता, जागनाथ डेयरी के सामने बाजपुर चौराहा, घोड़ा नाला बिंदुखत्ता तथा देवभूमि बैंक्विट हॉल, विकासपुरी खैरानी बिंदुखत्ता में श्रमिकों को सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रमिक अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
शिविर में श्रमिक पंजीकरण और नवीनीकरण के साथ श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने की सुविधा रहेगी। इसके लिए श्रमिकों को श्रम कार्ड, आधार कार्ड तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।
मेडिकल कैंप के टोकन धारकों को ही मिलेगी सामग्री
शिविर से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना के अनुसार सामग्री अथवा लाभ का वितरण केवल उन्हीं लाभार्थियों को किया जाएगा, जिनके पास मेडिकल कैंप का टोकन उपलब्ध होगा। अन्य क्षेत्रों के लिए आगामी तिथियों में अलग-अलग शिविर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में अन्य क्षेत्र के श्रमिकों से धैर्य बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
श्रमिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि, समय और अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर श्रम विभाग की इस पहल का लाभ उठाएं। शिविर के माध्यम से श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक कल्याणकारी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बिंदुखत्ता में 9 अक्टूबर से तीन स्थानों पर तीन दिवसीय विशेष श्रमिक शिविर , देखें पूरी डिटेल
