दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्यतिथि पर विश्व बंधुत्व रक्तदान अभियान, भारी बारिश के बावजूद नहीं डिगा रक्तदाताओं का उत्साह
हल्द्वानी। रोटरी क्लब हल्द्वानी और ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज लोहरियासाल मल्ला में विश्व बंधुत्व रक्तदान अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रक्तदान महाअभियान में 155 लोगों ने भागीदारी दर्ज कराई, जबकि मेडिकल परीक्षण के दौरान 40 लोग रक्तदान के लिए पात्र नहीं पाए गए। इसके बावजूद अभियान में 115 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष आनंद सिंह दरम्वाल, उत्तराखंड गौ सेवा संगठन के संस्थापक पंकज कुलौरा एडवोकेट, ब्रह्माकुमारीज की दीपा दीदी, रोटरी क्लब हल्द्वानी के अध्यक्ष आशीष दुम्का, सचिव उदय भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा और डॉ. राहुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
रक्तदान के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ इतनी रही कि कई बार रक्तदाताओं को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा। दोपहर बाद हुई भारी बारिश भी लोगों के उत्साह को नहीं रोक सकी और रक्तदान के लिए लोगों की सहभागिता बनी रही।
कार्यक्रम संयोजक बृज मोहन मेहता और सह संयोजक संजय त्यागी रहे। कार्यक्रम में डॉ. प्रविंद रौतेला, अनिल जोशी, सुनील जोशी, ब्रह्माकुमारीज से हेमंत फुलारा, पूजा दीदी, नीमा दीदी, रेडिएंट अस्पताल के न्यूरोसर्जन पुनीत गोयल, विपिन पांडे, विनोद कुमार कश्यप, एडवोकेट मनीष चंद, बाल किशन जोशी, ब्लड बैंक से प्रकाश मेहता, नितिन पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रक्तदान के जरिए दिया मानवता का संदेश
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अभियान के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने और समाज में मानवता व विश्व बंधुत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
