दौलिया में 5 अगस्त को बहुउद्देशीय जनहित शिविर, एक ही छत के नीचे मिलेंगी तीन बड़ी सेवाएं

खबर शेयर करें

एक ही स्थान पर तीन प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी, क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील

हल्दूचौड़। । क्षेत्रवासियों को विभिन्न सरकारी एवं जनहित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को शहीद जगदीश जोशी सभागार, दौलिया में बहुउद्देशीय जनहित शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें राशन कार्ड संबंधी सेवाओं के साथ पशु चिकित्सा एवं निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर में राशन कार्ड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इसमें नए राशन कार्ड के आवेदन, राशन कार्ड का नवीनीकरण, ई-केवाईसी, कटे हुए यूनिट (नाम) जोड़ना, आधार लिंकिंग तथा नाम, पता और अन्य त्रुटियों का सुधार किया जाएगा।
इसके अलावा पशुपालकों के लिए विशेष पशु चिकित्सा एवं परामर्श शिविर भी आयोजित होगा। शिविर में पशुओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाइयों का वितरण, एंटी-रेबीज टीकाकरण तथा दुधारू पशुओं के उपचार और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा मिलेगी। इसके लिए शासन द्वारा निर्धारित 10 रुपये प्रति पशु का पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। पशुपालकों से पशु का टैग नंबर और अपना आधार कार्ड साथ लाने का अनुरोध किया गया है।
शिविर में प्रभु नेत्रालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की आंखों की निःशुल्क जांच और आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और आसपास के जरूरतमंद लोगों के साथ अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।