आज शाम 6 बजे से शुरू होगा 12 घंटे का विशेष हवन, देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना; 18 नवंबर को होगा प्रसाद वितरण।
दतिया (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के दतिया स्थित ऐतिहासिक राम जानकी मंदिर में आज, मंगलवार 17 नवंबर को 36 दिवसीय निराहार मां बगलामुखी साधना का विधिवत समापन होगा। लोक कल्याण के संकल्प के साथ सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी द्वारा की जा रही इस विशेष साधना की पूर्णाहुति के अवसर पर मंदिर परिसर में मां बगलामुखी के विशेष हवन एवं महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों और नेपाल व भूटान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
सत्य साधक श्री विजेंद्र पांडे गुरुजी ने शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन 11 अक्टूबर को मां बगलामुखी के संकल्प के साथ 36 दिवसीय निराहार साधना प्रारंभ की थी। लोक कल्याण की भावना से की गई इस विशेष साधना का समापन आज 17 नवंबर को होगा। इस अवसर पर मां बगलामुखी की आराधना, हवन और महायज्ञ के माध्यम से विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
जय मां पीतांबरी साधना एवं दिव्य योग ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के अनुसार आज मंगलवार शाम 6 बजे मां बगलामुखी का विशेष हवन प्रारंभ होगा, जो बुधवार 18 नवंबर की सुबह 6 बजे तक अनवरत चलेगा। इसके बाद हवन की पूर्णाहुति और महाआरती होगी। बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
दतिया के श्रद्धालु और सेवादार संभाल रहे आयोजन की व्यवस्थाएं
इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में दतिया क्षेत्र के प्रतिष्ठित आस्थावान लोगों और मंदिर से जुड़े भक्तों की सक्रिय सहभागिता बनी हुई है। इनमें रिंकू तिवारी, इंदु यादव, बल्लन गुप्ता, महेश दुबे, संजय पाठक, धर्मेंद्र शुक्ला, दीपक बेलपत्री, मनोज पाल, सत्यम पांडा, टिंकू तिवारी, सूरज दास, राजू बिलैया, संतोष पुरोहित, संजय अड़जड़िया, रिंकू चौबे, रामजी तिवारी, शिवाजी राजा, श्री मोहन सुहाने, संतोष गिरी और गोविंद यादव सहित समस्त भक्तगण सेवा और व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
36 दिवसीय निराहार साधना के समापन और मां बगलामुखी महायज्ञ को लेकर दतिया धाम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आज शाम से शुरू होने वाले धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
