नैनीताल (संजीव कुमार मीणा)। ज्योलिकोट प्रभावित क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच, उपचार, काउंसलिंग एवं जनजागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।

आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं बेलवाखान में 30 लोगों की स्वास्थ्य जांच, 42 लोगों के ब्लड टेस्ट, 113 लोगों की काउंसलिंग तथा 16 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी की सुविधा प्रदान की गई। स्वास्थ्य टीमों द्वारा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी एवं जांच के बीच क्षेत्र में पीलिया एवं डायरिया के नए मामलों में अब काफी कमी दर्ज की जा रही है। ब्लड सैंपलों की री-टेस्टिंग में भी स्थिति में सुधार के संकेत मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में निगरानी एवं सैंपलिंग का कार्य लगातार जारी रखा जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत द्वारा ग्राम ज्योली में जनसंपर्क कर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। उन्होंने ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल एवं सुरक्षित भोजन के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की तथा किसी भी प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण होने पर समय से स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ज्योलिकोट क्षेत्र के रेस्टोरेंट एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान संचालकों को प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई रखने, व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा ग्राहकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट पहुंचकर स्वास्थ्य टीमों से क्षेत्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा लगातार सक्रियता के साथ कार्य कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी, स्वास्थ्य जांच, जनजागरूकता एवं आवश्यक उपचार सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर मलुवाताल क्षेत्र में भी स्वास्थ्य टीम भेजी गई, जहां टीम द्वारा 77 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ज्योलिकोट एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करें, भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोएं, व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें तथा उल्टी-दस्त, पीलिया, बुखार या अन्य असामान्य स्वास्थ्य लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
…………………………………….
………………
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जनपद नैनीताल
