लालकुआं विधानसभा: दीपेंद्र कोश्यारी के आवास पर जुटे भाजपा के दिग्गज, 2027 चुनावी हलचल तेज

खबर शेयर करें

लालकुआं (जीवन गोस्वामी)। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव अभी भले दूर हों, लेकिन नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा सीट पर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होती दिखाई देने लगी हैं। शुक्रवार को मोटाहल्दू स्थित भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम ने क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी। कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी की मौजूदगी, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और चुनावी तैयारियों को लेकर दिए गए संदेश को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

2027 विधानसभा चुनाव में लालकुआं से प्रबल दावेदार हैं दीपेंद्र सिंह कोश्यारी

यह भी पढ़ें 👉  UP: गाजीपुर में दिनदहाड़े गंगा किन्नर की गोली मारकर हत्या , इलाके में हड़कंप


कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतदान के दिन नहीं जीते जाते, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनने, संगठन को मजबूत करने और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने से जीत की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राज्य मंत्री एवं मीडिया सलाहकार ध्रुव रौतेला, हल्दूचौड़ मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, कुंदन चुफाल, भाजपा नेता ललित आर्या, विनोद श्रीवास्तव, चंद्रशेखर पांडे, सरिता जरौत, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कंचन भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
लालकुआं की राजनीति में तेज हुई चर्चाएं
कार्यक्रम के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की दीपेंद्र कोश्यारी के आवास पर मौजूदगी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने लालकुआं विधानसभा की राजनीतिक चर्चाओं को नया आयाम दिया है। राजनीतिक गलियारों में इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि भाजपा ने अभी तक लालकुआं विधानसभा सीट के लिए किसी संभावित प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन कार्यक्रम के बाद क्षेत्र में चुनावी समीकरणों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।