हल्दूचौड़। भारत विकास परिषद शाखा लालकुआँ की ओर से राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल के कृष्ण स्वरूप मेमोरियल सभागार में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और सामूहिक गायन के माध्यम से अपनी प्रतिभा के साथ देशभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, चिल्ड्रन्स एकेडमी के निदेशक श्रीष पाठक तथा भारत विकास परिषद के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों का दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागी टीमों को यमुना, सरस्वती, ब्रह्मपुत्र, कावेरी और सिंधु नाम दिए गए। प्रथम चरण में हिंदी समूह गान तथा इसके बाद संस्कृत समूह गान की प्रस्तुतियां हुईं। विद्यार्थियों ने मधुर स्वर, सामूहिक तालमेल और प्रभावशाली प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में संगीताचार्य विनिता पांडे, लता कुंजवाल और डिंपल जोशी ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। चिल्ड्रन्स एकेडमी के निदेशक श्रीष पाठक ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता केवल हार-जीत का मंच नहीं, बल्कि सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी है।
प्रतियोगिता में यमुना टीम (एवरग्रीन स्कूल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सरस्वती टीम (इंदिरा अकादमी स्कूल) द्वितीय, ब्रह्मपुत्र टीम (चिल्ड्रन्स एकेडमी) तृतीय, कावेरी टीम (इमॉर्टल स्कूल) चतुर्थ और सिंधु टीम (डॉन बॉस्को स्कूल) पंचम स्थान पर रही। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा लालकुआँ के अध्यक्ष चंद्रेश भाटिया, सह-सचिव जुगल किशोर गर्ग, वित्त सचिव शुभम अग्रवाल, उपाध्यक्ष महिला सहभागिता रितु अरोड़ा, कार्यक्रम संयोजक आशु खुराना, संचालन हेमंत जैन सहित परिषद के अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
भारत विकास परिषद की ओर से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुआ।
भारत विकास परिषद ने कराया राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता 2026 का भव्य आयोजन
