स्वतंत्रता दिवस पर हल्दूचौड़-दौलिया में पौध वितरण व स्वच्छता अभियान

खबर शेयर करें

350 से अधिक फलदार पौधे बांटे, स्वच्छ एवं हरित ग्रामसभा बनाने का लिया संकल्प

हल्दूचौड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत हल्दूचौड़-दौलिया में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद ग्रामसभा के निवासियों को निःशुल्क फलदार पौधों का वितरण किया गया तथा स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत दुग्ध डेयरी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।
ग्राम पंचायत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 350 से अधिक फलदार पौधे ग्रामसभा के निवासियों को निःशुल्क वितरित किए गए। ग्रामवासियों ने पौधे प्राप्त कर उनके संरक्षण और देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ ग्रामसभा को स्वच्छ रखना प्रत्येक ग्रामवासी की पहली जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने गांव और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अपनी ग्रामसभा को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ उसे हरित ग्रामसभा के रूप में विकसित करेंगे।
वहीं सामाजिक कार्यकर्ता एवं माधवी फाउंडेशन के अध्यक्ष पीयूष जोशी ने कहा कि सामाजिक कार्यक्रमों की वास्तविक सफलता तभी है, जब इनमें आम जनता की सक्रिय भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि पौध वितरण के साथ उनकी देखभाल और स्वच्छता अभियान के बाद नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि ऐसे जनहित एवं सामाजिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और अपने स्तर से भी पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए पहल करें। इस दौरान दिनेश चंद्र जोशी सुधांशु भट्ट बंशीधर खोलिया, गोपाल दत्त जोशी, केशव दत्त , कमल भट्ट ,राजू पांडे, रमेश चंद्र पांडेय आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे।