लालकुआं। थाना लालकुआं पुलिस ने बंद मकान में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और ₹25 हजार की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट ने थाना लालकुआं में तहरीर देकर बताया था कि वह करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी पुत्री के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। तहरीर के आधार पर थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस के अनुसार, मिले सुरागों के आधार पर 19 सितंबर 2026 को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद, उम्र 35 वर्ष, निवासी डोंगपुरी, सरदारनगर चौराहे के पास, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस-2023 की बढ़ोतरी की गई है।
पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने के बाद सरिया आदि की मदद से मकान का ताला तोड़कर चोरी करते थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपी आबिद उर्फ लालू पुत्र मोहम्मद हुसैन, निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी थाने में चोरी और नकबजनी से संबंधित सात मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।
बरामद सामान
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए तथा सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त ₹25 हजार की नकदी बरामद हुई है।
गिरफ्तारी टीम
चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी पुलिस टीम में शामिल रहे।
दिन में पेंट का काम, रात में चोरी; पुलिस ने खोला राज, एक गिरफ्तार
