हल्दूचौड़ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण, पर्यावरण मित्रों को सम्मानित कर स्वच्छता के प्रति दिया जनभागीदारी का संदेश

हल्दूचौड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लालकुआं विधानसभा के हल्दूचौड़ मंडल में आयोजित विभिन्न सेवा कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया।
सांसद अजय भट्ट ने हल्दूचौड़ मंडल में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होकर पौधा लगाया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
इसके बाद सांसद ने नैनीताल जिला पंचायत की ओर से हल्दूचौड़ क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए श्रमदान किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर सेवाभाव से कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर व्यापक जनअभियान का स्वरूप दिया है। स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला अभियान है। इसी तरह पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति, समाज और राष्ट्र की सेवा ही ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान का मूल भाव है। स्वच्छ, स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।
सांसद ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रोहित दुमका, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, कमलेश चंदोला, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, प्रताप रैकवाल, ग्राम प्रधान कार्तिक बमेटा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
