उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी , मैदान में बढ़ेगा तापमान

खबर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज मिलाजुला बना हुआ है। पहाड़ों में फिलहाल मौसम सुहाना है जबकि मैदानी इलाकों में गर्मी का असर तेज होने लगा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी लेटेस्ट मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कल 23 अप्रैल बृहस्पतिवार को भी प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 24 अप्रैल से एक बार फिर प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।
इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने उधम सिंह नगर जिले में हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की है जिसके बाद जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव करते हुए दिशा निर्देश जारी किए हैं।
मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां बाजपुर और किच्छा 42°C तापमान के साथ सबसे गर्म दर्ज किए गए हैं। इसी क्रम में रामनगर, काशीपुर और रुड़की में पारा 41°C तक जा पहुंचा है, जबकि हल्द्वानी में 38°C और राजधानी देहरादून में 36°C तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में लू और तपिश का असर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें 👉  राज्य में अतिशीघ्र साइबर सिक्योरिटी टास्क फोर्स का गठन किया जाए : मुख्यमंत्री धामी

अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखंड का मौसम आरामदायक: तोमर
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार वर्तमान में प्रदेश का तापमान सामान्य से बहुत ज्यादा नहीं भटका है। मैदानी इलाकों के तापमान में पिछले दो दिनों में 0.5 से 1 डिग्री तक की मामूली गिरावट आई है, जिससे स्थिति स्थिर है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। यह सामान्य से 1 से 2 डिग्री अधिक जरूर है, लेकिन सामान्य से यह अंतर 3 से 4 डिग्री के भीतर ही है, जो हीटवेव के मानकों को पूरा नहीं करता। अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखंड का मौसम फिलहाल काफी आरामदायक है।

स्थिति भले ही नियंत्रण में है, लेकिन तेज गर्मी वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने एहतियात बरतने की सलाह दी है। लोगों को सीधे धूप के संपर्क में आने से बचने, दोपहर के समय छायादार जगहों पर रहने और शरीर का तापमान संतुलित रखने के लिए अधिक से अधिक पानी तथा तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मचारी की मौत

आने वाले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
23 अप्रैल- सभी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

24 अप्रैल- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन की संभावना है। साथ ही, 4000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं।

वहीं, राज्य के शेष जनपदों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

25 अप्रैल- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इन क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में बहुत हल्की बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी जनपदों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।

हीट वेव के कारण प्रशासन ने जारी किए नए निर्देश, डीएम ने जारी किए आदेश| ऊधम सिंह नगर
हीट वेव के कारण प्रशासन ने जारी किए नए निर्देश।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून ने 21 अप्रैल 2026 को मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की आशंका जताई थी। तापमान में लगातार वृद्धि के कारण डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक विजय पर भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा

बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने यह आदेश जारी किया है। यह बदलाव 22 अप्रैल 2026 से अगले एक सप्ताह तक प्रभावी रहेगा।

आदेश के अनुसार, सभी आंगनबाड़ी केंद्र और प्री-नर्सरी कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 11:00 बजे तक संचालित होंगी। वहीं, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने सभी विभागीय अधिकारियों, स्कूल प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।