कन्या पूजन के साथ दिया भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का संदेश

लालकुआँ। SkM Convent Higher Secondary School में नवरात्रि के पावन अवसर पर नवरात्रि स्पेशल थीम के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को दर्शाती मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। छात्र-छात्राओं ने माँ दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों के साथ-साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, रावण एवं हनुमान जी के रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के Co-MD धवल पाठक एवं प्रिंसिपल भावना जोशी द्वारा विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। कन्याओं का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया गया तथा नारी शक्ति के महत्व का संदेश दिया गया।
धवल पाठक ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी परंपराओं, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत का महत्व समझाते हैं और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं मीना बिष्ट, इंदु जायसवाल, निशा जोशी एवं पूजा जोशी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षिकाओं ने आपसी सहयोग, समर्पण और मेहनत से बच्चों को कार्यक्रम के लिए तैयार किया तथा प्रत्येक गतिविधि को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना भी है। विद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहेगा।
