लालकुआं (जीवन गोस्वामी)। होली पर्व को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से लालकुआं में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस बल और महिला पीएसी कर्मियों ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रहेगी।
फ्लैग मार्च लालकुआं नगर क्षेत्र से शुरू होकर बंगाली कॉलोनी, हाथी खाना और 25 एकड़ क्षेत्र तक निकाला गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल कतारबद्ध होकर नगर में भ्रमण करता रहा। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च पूरे शहर का भ्रमण करने के बाद वापस कोतवाली पहुंचकर संपन्न हुआ।
