अधिसूचना जारी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
लालकुआं, जीवन गोस्वामी। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा देने की मांग को लेकर क्षेत्र में आंदोलन लगातार जारी है। शहीद स्मारक के समीप कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन 15वें दिन भी जारी रहा। वहीं, वन अधिकार संगठन के नेतृत्व में लालकुआं तहसील परिसर में राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 13वें दिन भी जारी रहा।
तहसील परिसर में आयोजित धरने की अध्यक्षता संजय नगर ग्रामसभा के संयोजक प्रमोद कोहली ने की। इस दौरान संजय नगर के ग्रामीणों ने प्रमोद कोहली की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर राजस्व ग्राम की अधिसूचना जल्द जारी करने की मांग उठाई।
आंदोलनकारियों ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन अधिसूचना जारी नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मांग पूरी कराने के लिए हर संभव संघर्ष किया जाएगा और किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेंगे।
धरने में मौजूद लोगों ने एकजुट होकर राजस्व ग्राम की अधिसूचना जारी करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों का कहना है कि सरकार को क्षेत्र की इस प्रमुख मांग पर शीघ्र निर्णय लेकर अधिसूचना जारी करनी चाहिए।
